खेत में हो रही बोवनी का उपसंचालक कृषि ने किया निरीक्षण
उमरिया जिले में चल रही खरीफ फसलों की बोवनी एवं धान की रोपाई का कार्य तेज़ी से शुरू हो गया है। उपसंचालक कृषि संग्राम सिंह मरावी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर किसानों से संवाद किया तथा उनकी खेती से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कृषि उपसंचालक ने किसानों को खरीफ फसलों के बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने फसलों की समय पर बोवनी, संतुलित उर्वरक उपयोग, जल संरक्षण तथा खेतों के समुचित प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
चंदिया क्षेत्र के भ्रमण के दौरान श्री मरावी ने डीएसआर (डायरेक्ट सीडेड राइस) पद्धति के तहत सुपर सीडर मशीन के माध्यम से कोदो की बोवनी करने वाले किसान कमलेश यादव के खेत का निरीक्षण किया उन्होंने इस आधुनिक तकनीक की सराहना करते हुए किसानों को कम लागत, समय की बचत एवं बेहतर उत्पादन के लिए यंत्रीकृत खेती पर चर्चा करते हुए मार्गदर्शन दिए ,इसके साथ ही उन्होंने पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन के माध्यम से की जा रही धान की रोपाई का भी अवलोकन किया। राजेश मौर्य किसान को मशीन आधारित खेती के लाभ बताते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से श्रम की बचत होती है, लागत कम आती है तथा समय पर कृषि कार्य पूरा होने से उत्पादन में भी वृद्धि होती है। भ्रमण के दौरान कृषि विभाग के मैदानी अमले ने भी किसानों को विभागीय योजनाओं, उन्नत कृषि तकनीकों एवं खरीफ फसलों के बेहतर प्रबंधन की जानकारी दी।


