भोपाल l कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा कि प्रदेश में किसान खाद के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें समय पर खाद नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजबूरी में किसानों को 266 रुपये की खाद की बोरी 500 रुपये और 1,350 रुपये की बोरी 2,000 रुपये तक में खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार खाद की कालाबाजारी रोकने में पूरी तरह विफल रही है।

यूसीसी पर भी उठाए सवाल

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर प्रतिक्रिया देते हुए फूल सिंह बरैया ने कहा कि सरकार को पहले यूसीसी का मूल उद्देश्य समझना चाहिए। उनका कहना था कि जब तक नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक समानता नहीं मिलेगी, तब तक यूसीसी लागू करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लिव-इन रिलेशनशिप को वैधता देना भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप नहीं है।