मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड की राज्य स्तरीय रैंकिंग में झाबुआ ने हासिल किया प्रथम स्थान
“किसान कल्याण वर्ष-2026” के अंतर्गत किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सतत मॉनिटरिंग के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित “मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड” पर जारी नवीनतम जिलावार रैंकिंग में झाबुआ जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मई 2026 माह में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग तथा सहकारिता विभाग से संबंधित विभिन्न की परफॉर्मेंस इंडिकेटर्स (KPIs) के आधार पर यह रैंकिंग तैयार की गई है। इन विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति का मूल्यांकन कर जिलों की रैंकिंग निर्धारित की जाती है।
राज्य शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों में संशोधन की प्रक्रिया पूर्ण होने तथा जिलों द्वारा ऑनलाइन प्रविष्ट की गई प्रगति एवं विभागाध्यक्षों द्वारा सत्यापित आंकड़ों के आधार पर मध्यप्रदेश स्टेट एजेंसी फॉर पब्लिक सर्विसेस (MPSAPS), भोपाल द्वारा 16 जून 2026 को माह अप्रैल एवं मई 2026 की जिलावार रैंकिंग जारी की गई।
जारी रैंकिंग के अनुसार माह अप्रैल 2026 में झाबुआ जिले ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था, जबकि माह मई 2026 में झाबुआ ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। मई माह की रैंकिंग में झाबुआ प्रथम, मंदसौर द्वितीय तथा बालाघाट तृतीय स्थान पर रहा।
यह उपलब्धि जिले में किसानों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय, सतत मॉनिटरिंग तथा मैदानी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। जिले के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से कृषकों को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की दिशा में झाबुआ की प्रतिबद्धता भी परिलक्षित होती है।


