मुंबई l बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के उस बयान का खुलकर समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने महिलाओं को हर हाल में खाना बनाना सीखने की सलाह दी थी। राज्यपाल के इस बयान और कंगना रनौत द्वारा किए गए इसके समर्थन के बाद सोशल मीडिया पर जेंडर और पारंपरिक रूढ़ियों को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। हाल ही में कानपुर में एक कार्यक्रम में पटेल का भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था l अपने भाषण में पटेल ने कहा, "आज की महिलाओं को अपने परिवार के लिए खाना बनाना सीखना चाहिए, चाहे आप टीचर बनें या IAS ऑफ़िसर। आपको सबसे पहले एक कुशल माँ बनना चाहिए।" उन्होंने आगे कहा, "माँ का कर्तव्य क्या है? अपनी बेटी को हर तरह से तैयार करना। उसे ससुराल में किसी भी मुश्किल का सामना न करना पड़े। और अगर ऐसा हो, तो उसे अपनी काबिलियत के दम पर उनका सामना करना चाहिए। हमें अपनी बेटियों को वह ताकत देनी होगी।"