कटनी जिले में खेती -किसानी के नजरिए से इस समय सर्वाधिक मांग वाली उर्वरक यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता हो गई है। अभी जिले को 490 मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया की खाद आई ही थी और इसका डबल लाक केंद्र,समितियों और उर्वरक विक्रय दुकानों में भंडारण जारी ही था कि आज शुक्रवार को जिलें के लिए 522 मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया खाद की एक और रैक झुकेही रैक पाइंट में पहुंच गई है। इसे परिवहन कर यूरिया को जिले में लाया जा रहा है।इसलिए सभी किसानों को उनकी जरूरत का पर्याप्त उर्वरक मिल सकेगा।कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव  किसानों को उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित करने के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए जिले के लिए समय-समय पर उर्वरक प्रदान करने और रैक भेजने के लिए निरंतर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर चर्चा करते रहते हैं।इसी का यह परिणाम है कि बीते 48 घंटे के भीतर जिले को 1012 मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया मिल गई है। कलेक्टर श्री यादव  किसानों को सर्वाधिक जरूरत वालीं यूरिया खाद की सुगम आपूर्ति और बेहतर विपणन व्यवस्था सुनिश्चित करने नियमित समीक्षा कर रहे हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये है कि उर्वरक की कालाबाजारी, अवैध परिवहन, अवैध भंडारण, टैगिंग और नकली उर्वरक विक्रेताओं और इस कार्य में संलिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाय। जिले में अब तक 6 उर्वरक विक्रेताओं के लायसेंस निरस्त किये गये हैं और 1 विक्रेता के विरूद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।बरतें पूरी पारदर्शिताकलेक्टर श्री यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उर्वरक वितरण व्यवस्था में पूरी तरीके से पारदर्शिता सुनिश्चित की जाय। बेहतर से बेहतर वितरण व्यवस्था सुनिश्चित हो ताकि सभी किसानों को उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने इस कार्य में पटवारियों और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों सहित जरूरत के मुताबिक अन्य मैदानी अमले की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियो को हिदायत दी कि वे उर्वरक उपलब्धता और वितरण से संबंधित जानकारियों से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और किसान संगठनों के पदाधिकारियों को अवश्य अवगत करायें।जिला विपणन अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि रैक से आई नीम कोटेड यूरिया में से कटनी डबल लॉक केन्द्र के लिए 90 मीट्रिक टन और बहोरीबंद डबल लॉक केन्द्र के लिए 82 मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया उर्वरक आवंटित की जायेगी।जबकि जिला सहकारी केन्‍द्रीय बैंक कटनी को 150 मीट्रिक टन उर्वरक आवंटित की जायेगी।इसी प्रकार सीएमएस मार्केटिंग सोसायटी कटनी, सीएमएस उमरियापान-ढीमरखेड़ा, सीएमएस रीठी,प्रियदर्शनी विपणन विजयराघवगढ़ को 30-30 मीट्रिक टन एवं सीएमएस बड़वारा और सीएमएस बाकल को क्रमशः 25-25 मीट्रिक टन   यूरिया आवंटित की जायेगी। जबकि एमपी एग्रो कटनी को  30 मीट्रिक टन खाद आवंटित की जायेगी। जिससे यहां के किसानों को पर्याप्त मात्रा में उनकी जरूरत के मुताबिक उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।यहां देवें सूचनाकलेक्टर श्री यादव ने किसानों से आग्रह किया है कि वे खाद एवं बीज से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या और शिकायत या खाद एंव बीज मिलने में असुविधा संबंधी सूचना कलेक्ट्रेट कार्यालय में बने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के टेलीफोन नम्बर 07622-220070 एवं 07622-220071 पर दे सकते हैं।