रीवा-सीधी मार्ग से सटे ग्राम बढौरा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कंटेनर में सवार दो लोगों पर गांव की स्कूली बच्चियों को पैसे देकर बहलाने और कथित तौर पर उठाने की कोशिश का आरोप लगा। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया और सेमरियाथाने पहुंचा दिया।

जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे की है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम बढौरा के पास रीवा-सीधी मार्ग से लगभग 100 मीटर दूर सुनसान स्थान पर एक कंटेनर खड़ा था, जिसमें दो लोग सवार थे। उसी समय गांव की आठ बच्चियां स्कूल से परीक्षा देकर वापस लौट रही थीं। आरोप हैकंटेनर में बैठे लोग बच्चियों को पैसे देकर अपने पास बुलाने की कोशिश कर रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक जब बच्चियों ने पैसे लेने से मना किया तो वे उन्हें जबरन अपने पास बुलाने और उठाने की फिराक में थे। बच्चियों ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दोनों संदिग्धों को घेर लिया। इसके बाद उन्हें पकड़करसीधे सेमरिया थाने ले जाया गया।ग्रामीणों की आशंका और बच्चियों के बयान को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और परिजन रो-रोकर बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।