विदिशा। पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) द्वारा अग्रणी जिला बैंक कार्यालय (भारतीय स्टेट बैंक), विदिशा के सहयोग से 19 जून को जिला स्तरीय ‘एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के सदस्यों, ग्रामीण कारीगरों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा ग्रामीण आधारित सूक्ष्म उद्यमियों को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) से जोड़कर उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना तथा वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) एक ऐसी दीर्घकालिक बचत एवं पेंशन योजना है, जो निवेशकों को बाजार आधारित प्रतिफल के साथ बेहतर पेंशन सुविधा उपलब्ध कराती है। यह योजना अटल पेंशन योजना (APY) की निर्धारित आयु एवं पेंशन सीमा से आगे बढ़कर अधिक लचीलापन और असीमित पेंशन क्षमता प्रदान करती है। इसी उद्देश्य से पीएफआरडीए द्वारा कृषि एवं ग्रामीण नैनो इकाइयों के लिए एक समर्पित वर्टिकल स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से देशभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित होगा। प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें पीएफआरडीए के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) के प्रतिनिधि, नाबार्ड (NABARD), राज्य शासन के अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ पदाधिकारी सहभागिता करेंगे। इस दौरान कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए एनपीएस की उपयोगिता, लाभ तथा निवेश संबंधी जानकारी प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं के समाधान हेतु संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित होगा। द्वितीय सत्र दोपहर 2:30 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के वीएलई, एफपीओ प्रतिनिधियों तथा क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत हितधारकों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी पहुंच बढ़ाना है। अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) श्री भगवान सिंह बघेल ने बताया कि एनपीएस संचय योजना किसानों एवं असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस योजना में 18 वर्ष से 85 वर्ष तक की आयु के व्यक्ति शामिल हो सकते हैं। लाभार्थी न्यूनतम 10 वर्ष से लेकर 30 वर्ष तक नियमित अंशदान कर सकते हैं। 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर उन्हें मासिक पेंशन के साथ-साथ संचित राशि का 60 प्रतिशत तक एकमुश्त भुगतान प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध होती है। होटल रिवर साइड-इन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिलेभर से लगभग 100 से 150 प्रमुख हितधारकों, किसानों, एफपीओ प्रतिनिधियों, बैंक अधिकारियों एवं अन्य प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण एवं असंगठित क्षेत्र के लोगों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जाएगी।