कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ सुपरओवर में शानदार जीत दर्ज की।  इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रोमांच चरम पर रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने रिंकू सिंह की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम ने भी निर्धारित ओवरों में आठ विकेट खोकर 155 रन बनाए और मुकाबला सुपरओवर में पहुंच गया। सुपरओवर का रोमांच

  • लखनऊ की तरफ से बल्लेबाजी के लिए निकोलस पूरन और एडेन मार्करम आए। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने गेंदबाजी का जिम्मा सुनील नरेन को सौंपा।
  • पहली गेंद पर पूरन बोल्ड हुए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए ऋषभ पंत आए।
  • पंत ने एक रन चुराया। अब स्ट्राइक पर मार्करम आए।
  • मार्करम तीसरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में रिंकू सिंह को कैच थमा बैठे। 
  • इस तरह सुपरओवर में लखनऊ के बल्लेबाज सिर्फ एक रन बना पाए और केकेआर को दो रन का लक्ष्य मिला।
  • इसके बाद कोलकाता की तरफ से सुपरओवर में बल्लेबाजी के लिए रिंकू सिंह और रोवमन पॉवेल आए। कप्तान ऋषभ पंत ने प्रिंस यादव को गेंद थमाई।
  • पहली ही गेंद पर रिंकू सिंह ने शानदार चौका लगाकर केकेआर को जीत दिलाई।