सीहोर l राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, विधायक श्री गोपाल सिंह इंजिनियर तथा डीआईजी श्री ओमप्रकाश त्रिपाठी ने आष्टा के नवीन थाना भवन का लोकार्पण किया। यह नवीन थाना भवन 94 लाख रुपये की लागत से 5535 वर्ग फुट क्षेत्रफल मे बना है।

 

      शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि नवीन थाना भवन में सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने से पुलिस बेहतर ढंग से कार्य संपादन कर सकेगी। इसके साथ ही थाने मे आने वाले नागरिकों को बेहतर परिवेश मिलेगा। श्री वर्मा ने कहा कि पुलिस जनता की सेवा में 24 घंटे उपलब्ध रहती है और हर परिस्थिति में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे समर्पित भाव से अपने कर्तव्य का निर्वहन करती है। श्री वर्मा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सज्जन लोगों का सम्मान होना चाहिए और दुर्जनों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि थाने परिसर का वातावरण और पुलिस का व्यवहार एैसा होना चाहिए कि थाने में आने वाले व्यक्ति को यह लगे कि उसके साथ न्याय होगा।

 

      राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि लोगों के काम सुगमता से हो सके इसके लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व संबधी कामों के लिए लोगों को भटकना न पड़े इसके लिए प्रदेश में राजस्व महाअभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 30 लाख से भी अधिक राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया।