उस समय मचा हड़कंप जब मजिस्ट्रेट की गाड़ी को ओवरटेक कर रोका और ...
भाण्डेर में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब न्यायालय से लौट रहे एक मजिस्ट्रेट की कार को एक अज्ञात बाइक सवार ने बीच रास्ते में रोक लिया। आरोपी ने न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि मजिस्ट्रेट को डराने और हमला करने का भी प्रयास किया। गोलू शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे सोमवार शाम न्यायालय से मजिस्ट्रेट को उनके शासकीय आवास तक छोड़ने जा रहे थे। कार में न्यायिक कर्मचारी दयाशंकर शर्मा भी मौजूद थे। शाम करीब 5:45 बजे जब कार तहसील कार्यालय के सामने पहुंची, तभी अचानक एक युवक बाइक लेकर सामने आ गया और जानबूझकर कार के आगे वाहन खड़ा कर दिया।युवक ने कार के शीशे पर मुक्के भी मारे और जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
भीड़ बढ़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही है, ताकि जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जा सके। प्रारंभिक जांच में घटना को जानबूझकर अंजाम दिया गया कृत्य माना जा रहा है।



