नीमच l मांगरोल चक गांव में एक विधवा महिला से छेड़छाड़ करना मनचले को भारी पड़ गया। पीड़िता और उसके बेटे ने न सिर्फ आरोपी की हिम्मत का जवाब दिया, बल्कि उसे पेड़ से बांधकर ऐसी सजा दी कि गांव में हड़कंप मच गया। अब आरोपी के परिजन पीड़िता को गांव से भगाने की धमकी दे रहे हैं-16 अप्रैल 2026 की रात मदन बंजारा नशे में धुत होकर गांव की एक विधवा महिला के घर में घुस गया। महिला उस वक्त सो रही थी। मदन ने महिला का हाथ पकड़ा और उसे जबरन ले जाने की कोशिश की। महिला की चीख सुनकर बेटा जाग गया। मां-बेटे ने बड़ी हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया l ग्रामीणों ने मदन बंजारा को एक पेड़ से रस्सी से बांध दिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपी के सिर के एक तरफ के बाल काट दिए, मूंछें साफ कर दीं और आंखों के ऊपर की भौंहे (आई-ब्रो) भी काट दीं। अपमानित करने के लिए उसे जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया।पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी का भाई बहादुर बंजारा, मेमर बंजारा, बहादुर की पत्नी सुगना बंजारा, अमर बंजारा और उसकी पत्नी मिसरा बाई उसे घर से बाहर निकलने पर धमका रहे हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष उसे गांव छोड़कर भागने का दबाव बना रहा है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।