MP - एक अंजान नंबर से काल और बोरे में बंद लाश नदी में ..?
मुरैना l शनिवार को पुलिस को एक अनजान नंबर से एक कॉल आया और सूचना यह दी गई थी कि शिव नगर निवासी बंटू सिकरवार के घर से चार दिन पहले गोली की आवाज सुनाई दी। उसके बाद से ही उनकी 19 वर्षीय बेटी दिव्या सिकरवार नजर नहीं आ रही है। सूचना के तुरंत बाद ही पुलिस बंटू सिकरवार के घर पहुंच कर देखा तो घर खाली था। सिर्फ बंटू सिकरवार घर में मौजूद था। जिसे पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लेकर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।बंटू ने पुलिस को बताया है कि बेटी की अंदर वाले कमरे में गोली से मौत हुई थी। उसके बाद कुंवारी नदी में शव को बोरे में बंद करके बहा दिया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कुंवारी नदी के किनारे पहुंच कर एसडीआरएफ की टीम की मदद से तीन घंटे सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन नदी से शव बरामद नहीं हुआ है। खबर लिखे जाने तक दिव्या सिकरवार का शव बरामद नहीं हुआ है l शव मिलने के बाद ही खुलासा होगा कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का फिलहाल पुलिस पूरे मामले को सुलझाने में जुटी है l



