हरदा l सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में इंदौर-बैतूल NH पर एक आरटीआई कार्यकर्ता पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है।  आनंद जाट पर अज्ञात 8 से 10 नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।आनंद जाट को एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर कॉल कर इंदौर-बैतूल फोरलेन स्थित खोजा ढाबा के पास मिलने के लिए बुलाया था। जैसे ही वह मौके पर पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और डंडों व लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।हमले में आनंद जाट के दाएं पैर और बाएं हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामनिवास नामक व्यक्ति ने फोन कर आनंद को मौके पर बुलाया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।