ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द फसल का समर्थन मूल्य पर उपार्जन का कार्य सतत रूप से जारी
नरसिंहपुर l राज्य शासन के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले के किसानों से ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द का समर्थन मूल्य पर उपार्जन का किया जा रहा है। जिले में पंजीकृत किसानों एवं पंजीकृत रकबे के आधार पर निर्धारित किए गए उपार्जन केन्द्रों में सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से उपार्जन का कार्य सतत रूप से जारी है।
इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने सभी संबंधित उपार्जन समितियों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। विशेष रूप से मानसून के दौरान संभावित वर्षा को देखते हुए तिरपाल सहित सुरक्षित भंडारण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं, जिससे किसानों की उपज सुरक्षित रहे और उपार्जन प्रक्रिया सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने बताया कि उपार्जित मूंग एवं उड़द का भुगतान जेआईटी पोर्टल के माध्यम से सीधे किसानों के आधार से लिंक बैंक खातों में किया जाएगा, जिससे भुगतान की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध बनी रहे। ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द उपार्जन का कार्य निर्धारित 10 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। किसानों से अपील की गई है कि वे केवल एफएक्यू गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही मूंग एवं उड़द ही उपार्जन केन्द्रों में लेकर आएं, जिससे उपार्जन कार्य सुगमता एवं शीघ्रता से सम्पन्न हो सके और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उप संचालक कृषि ने बताया कि नरसिंहपुर के अंतर्गत श्री वृंदावन पंडा वेयर हाउस नयागांव में सेवा सहकारी समिति धमना, न्यू चौकसे वेयर हाउस सिंहपुर बड़ा में सेवा सहकारी समिति कोसमखेड़ा, एसआरजी अंश वेयर हाउस तिंदनी में सेवा सहकारी समिति बैहरपोड़ी, करेली के अंतर्गत जैन वेयर हाउस अजंसरा में सेवा सहकारी समिति सिहोरा, श्री राधाकृष्ण वेयर हाउस कठोतिया में सेवा सहकारी समिति करेली, रेवा वेयर हाउस बासखेड़ा में सेवा सहकारी समिति सिल्हेटी, गाडरवारा के अंतर्गत मां गुर्जर वेयर हाउस 21 जमाड़ा में सेवा सहकारी समिति सीरेगांव, श्री सांई आशीष वेयर हाउस चीचली रोड में सेवा सहकारी समिति चारगांव, आर. लक्ष्मण वेयर हाउस गरधा रोड में सेवा सहकारी समिति मड़गुला, मां रेवा वेयर हाउस मिढ़वानी देवरी में सेवा सहकारी समिति तूमड़ा, गोटेगांव के अंतर्गत सांई श्रद्धा वेयर हाउस 2 गोटेगांव में सेवा सहकारी समिति उमरिया, तेंदूखेड़ा के अंतर्गत हरसिद्धी वेयर हाउस बिलहेरा में सेवा सहकारी समिति सगरी, श्री मां वेयर हाउस लोलरी में सेवा सहकारी समिति मुर्गाखेड़ा, नायक देवी प्रभा वेयर हाउस लिंगा में विपणन समिति करेली द्वारा उपार्जन का किया जा रहा है। उपार्जन का कार्य सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक संचालित होगा। कृषक अपनी उपज विक्रय के लिए निर्धारित अवधि में स्लॉट बुकिंग कर सकेंगे। उपार्जन की अंतिम तिथि 10 दिवस तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी और बुक किए गए स्लॉट की वैधता 7 दिवस रहेगी। अद्यतन स्थिति में 4309 किसानों के द्वारा स्लॉट बुक किया गया है, जिसमें से 322 किसानों से 2343 क्विंटल उपार्जन का कार्य किया जा चुका है। उपार्जन का कार्य सतत रूप से जारी है।


