मुंबई l रेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने की अपनी परंपरा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।

इसी क्रम में आईआरसीटीसी पश्चिमी क्षेत्र, मुंबई द्वारा पश्चिमी क्षेत्र कार्यालय, मुंबई में आयोजित एक विशेष समारोह में जून 2026  "माह के उत्कृष्ट कर्मचारियों" को सम्मानित किया गया।

जून 2026 के सम्मानित कर्मचारी इस प्रकार हैं:

श्रीमती सृष्टि भोंसले – डीईओ (मानव संसाधन), जोनल कार्यालय, मुंबई

श्री रोशन गुप्ता – टूरिज्म मॉनिटर, क्षेत्रीय कार्यालय, अहमदाबाद

श्री मनीष सावरकर – डीईओ (वित्त), क्षेत्रीय कार्यालय, भोपाल

तीनों कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, समर्पण एवं संगठन के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

सम्मान समारोह में पुरस्कार श्री गौरव झा, ग्रुप जनरल मैनेजर, आईआरसीटीसी पश्चिमी क्षेत्र, मुंबई द्वारा श्री नागेश चौधरी, प्रबंधक (मानव संसाधन), आईआरसीटीसी पश्चिमी क्षेत्र, मुंबई की उपस्थिति में प्रदान किए गए। वहीं श्री रोशन गुप्ता को प्रशस्ति-पत्र श्रीमती निकिता अग्रवाल, क्षेत्रीय प्रबंधक, आईआरसीटीसी अहमदाबाद द्वारा तथा श्री मनीष सावरकर को प्रशस्ति-पत्र श्री राजेंद्र बोरवन, क्षेत्रीय प्रबंधक, आईआरसीटीसी भोपाल द्वारा प्रदान किया गया।

आईआरसीटीसी पश्चिमी क्षेत्र, मुंबई के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. ए. के. सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से इस सम्मान योजना की शुरुआत गत वर्ष ग्रुप जनरल मैनेजर, पश्चिमी क्षेत्र, मुंबई द्वारा की गई थी। इस योजना के अंतर्गत अब तक अनेक कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन एवं समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया जा चुका है।

आईआरसीटीसी पश्चिमी क्षेत्र उत्कृष्टता, नवाचार, टीम भावना तथा ग्राहक-केंद्रित सेवाओं की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अपने कर्मचारियों के योगदान को निरंतर प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के लिए प्रतिबद्ध है।