दतिया l इंदरगढ़ के ग्राम ररुआराय स्थित विद्युत सबस्टेशन में शुक्रवार की रात हंगामे और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग अचानक पहुंचे और ड्यूटी पर मौजूद ऑपरेटर के साथ मारपीट की। इसके बाद धमकाने और हवा में चार राउंड फायर करने का भी आरोप है। हंगामे के दौरान सबस्टेशन में लगे विद्युत उपकरणों और जरूरी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने के साथ ऑपरेटर का मोबाइल फोन और 2570 रुपये नकद ले जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। इंदरगढ़ थाना पुलिस को घटना की शिकायत प्राप्त हो गई है। पुलिस को शिकायती आवेदन मिला है। आवेदन में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों, फायरिंग और तोड़फोड़ से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सबस्टेशन में विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और वहां पहुंचे लोगों का उद्देश्य क्या था। फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, बिजली आपूर्ति से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र में आधी रात हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।