प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने किए बाबा महाकाल के दर्शन
उज्जैन l देश के सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक कैलाश खेर ने बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक, विश्व प्रसिद्ध भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में हाजिरी लगाई।
उन्होंने मंदिर में आयोजित होने वाली अलौकिक और दिव्य प्रातः कालीन भस्म आरती में सम्मिलित होकर दर्शन का पुण्य लाभ लिया। बाबा महाकाल की इस विशेष भस्म आरती के दौरान वे पूरी तरह शिव भक्ति के रंग में डूबे नजर आए।
आरती के संपन्न होने के बाद, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से कैलाश खेर का पारंपरिक रूप से स्वागत और सत्कार किया गया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें बाबा महाकाल का आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद, दुपट्टा और स्मृति चिह्न भेंट किया। कैलाश खेर ने उज्जैन आगमन पर अपनी अगाध श्रद्धा व्यक्त की।


