भोपाल। केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं भारतीय क्रिकेट टीम के ऑल-राउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने सोमवार को रायसेन में विदिशा संसदही क्षेत्र के सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होकर संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रवींद्र जडेजा के साथ खुले वाहन में मैदान का भ्रमण कर और खिलाड़ियों व दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जडेजा यानी जज़्बा, जुनून और जीत की पारी का जश्न है। जो अपनी स्पिन से बल्लेबाज़ को क्लीन बोल्ड कर दे, जो आखिरी ओवर में भी जीत की उम्मीद जगा दे और जो गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग तीनों में कमाल कर दे, वही असली ऑलराउंडर होता है और युवाओं के लिए प्रेरणा है। खेल मैदान, स्टेडियम, रोपवे, शिक्षा और रोजगार में रायसेन को बनाया जाएगा आदर्श जिला बनाया जाएगा। खेल महाकुंभ प्रदेश से राष्ट्र और ओलंपिक तक खिलाड़ियों के पहुंचने का माध्यम बनेगा। विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहते प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। वर्ष 2003 से पहले मध्यप्रदेश में खेलों की स्थिति लगभग न के बराबर थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश में खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। सांसद खेल महोत्सव से गांवों की प्रतिभाओं को निखारने मंच और मैदान मिल रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि खेल जीवन का अहम हिस्सा है। खेलों से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। खेल का मैदान ही एक ऐसा स्थान होता है, जहां सभी जाति, धर्म व समाज के लोग एक साथ खेल का आनंद प्राप्त करते हैं और खुशी मनाते हैं। रायसेन में ऐसी सुविधाएं विकसित हों कि खेलों के राज्य स्तरीय आयोजन हो सकें। खेल के इस भव्य आयोजन के लिए मैं केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूं। खेल महोत्सव के फाइनल में क्रिकेट-कबड्डी खेलों के फाइनल रोमांचक मुकाबले हुए। 
हर साल होगा खेल महाकुंभ-श्री शिवराजसिंह चौहान 
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रायसेन में आयोजित यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आनंद, प्रेम और स्नेह का कुंभ है। यह खेल महाकुंभ 100 दिन पहले प्रारंभ हुआ, जिसमें 952 पंचायतों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि पंचायत, मंडल और विधानसभा स्तर के मुकाबलों के बाद आज क्रिकेट और कबड्डी खेलों में महिला और पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए। इस पूरे आयोजन में लगभग 1 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें बच्चों के साथ-साथ कहीं सास-बहू ने टीम बनाकर रस्साकशी की तो कहीं मां-बेटी की टीम ने खेलों में हिस्सा लिया। 
रायसेन किले तक जाएगा रोपवे
केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रायसेन वासियों को बड़ी सौगात देते हुए कहा कि रायसेन किले तक रोपवे की अनुमति भारत सरकार से प्राप्त हो चुकी है। अब रोपवे किले के ऊपर तक जाएगा और वहां एक भव्य म्यूजियम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही किले का सौंदर्यीकरण कर उसे पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा, जिससे रायसेन की ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
हर विधानसभा और गांव में खेल सुविधाएं
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रदेश में नई खेल संस्कृति का विस्तार किया जाएगा। हर विधानसभा में कम से कम एक आधुनिक खेल परिसर विकसित किया जाए। रायसेन का वर्तमान स्टेडियम अस्थायी है, जिसे स्थायी और आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाएं केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि हर गांव में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। 
शिक्षा, कोचिंग और सामाजिक सशक्तिकरण
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस साल 10वीं और 12वीं में संसदीय क्षेत्र में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम सुंदर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तीन निशुल्क ‘मामा कोचिंग क्लास’ विदिशा, रायसेन और भैरूंदा में शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही संसदीय क्षेत्र के दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड साइकिल दी जाएगी, ताकि वो आत्मनिर्भर बन सकें।
रायसेन को बनेगा आदर्श जिला
केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रायसेन में मेडिकल कॉलेज खुलेगा, जिसकी घोषणा पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कर चुके है। साथ ही रायसेन में 12, 13 और 14 अप्रैल को किसान कुंभ और किसान मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान ही उनके जीवन की सबसे बड़ी सफलता है और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मामा कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
विदिशा संसदीय क्षेत्र जैसा खेल महाकुंभ कहीं नहीं हुआ - श्री नरेन्द्र सिंह तोमर
मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि 100 दिनों से विदिशा संसदीय क्षेत्र में खेलो इंडिया के तहत सांसद खेल महोत्सव का खेल महाकुंभ चल रहा था। इन सौ दिनों में मैं विदिशा संसदीय क्षेत्र में चल रहे खेल आयोजनों को सोशल मीडिया पर लगातार देखता रहा। मैं इस तरह के कई अन्य आयोजनों में गया हूं, लेकिन विदिशा संसदीय क्षेत्र के इस खेल महाकुंभ जैसा आयोजन और कहीं नहीं हुआ। वर्ष के 365 दिनों में अगर 100 दिनों तक गांवों में खेल का वातावरण बना रहे तो इससे बच्चों-छात्रों का विकास दिन दूनी, रात चौगुनी रफ्तार से होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोजी जी द्वारा शुरू किए गए खेलो इंडिया के जरिए देशभर में खेल का वातावरण निर्मित हुआ है। इस तरह के आयोजनों से गांवों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए मंच और मैदान मिल रहा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहते श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशभर में खेलों को बढ़ावा दिया। खेल एकेडमियां विकसित कीं, खेलों के मैदान बनवाए। उन्होंने कहा कि श्री शिवराज सिंह चौहान खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। 
बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों के लिए प्रेरित करना होगा - श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि खेल समाज को सही दिशा में ले जाने का सशक्त माध्यम है। निरंतर खेल गतिविधियां चलती रहें तो खिलाड़ी तन और मन दोनों से स्वस्थ रहेंगे। देश और समाज को आगे बढ़ाना है तो बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के लिए भी प्रेरित करना होगा। हर बच्चे को शिक्षा के साथ कम से कम एक खेल अवश्य अपनाना चाहिए। आज देश को अपने खिलाड़ियों से बड़ी उम्मीदें हैं, इसलिए विशेष रूप से पिछड़े और जनजातीय अंचलों में खेलों को बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, यह जीवन में संघर्ष करना भी सिखाता है। खेल हमें हार से डरने के बजाय उससे सीख लेने का साहस देता है। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं व छात्रों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर देगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश खेलों के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आज भारत के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
समारोह में जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
विदिशा सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग सहित विदिशा-रायसेन संसदीय क्षेत्र के सभी विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजनों को ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बताया।