सीहोर कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने आष्टा सिविल अस्पताल एवं आष्टा की नवीन कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आष्टा सिविल अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के सभी वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, प्रसूति कक्ष, आपातकालीन सेवाओं, जांच सुविधाओं तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, दवाओं के स्टॉक तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीबीएमओ डॉ. अमित माथुर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी।

 

      कलेक्टर श्री बालागुरू के. नवीन कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। कृषि उपज मंडी के कार्यालय अधीक्षक अरविंद झवर ने मंडी परिसर की व्यवस्थाओं से अवगत कराते हुए बताया कि मंडी में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की स्थायी व्यवस्था के साथ-साथ दुकानों का निर्माण शीघ्र कराया जाना आवश्यक है। इस पर कलेक्टर ने मंडी परिसर में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा निर्मित एवं निर्माणाधीन भवनों, व्यापारिक सुविधाओं, किसानों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, सड़क, शेड, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।

 

            कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य यथाशीघ्र पूर्ण किए जाएं तथा निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने किसानों एवं व्यापारियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मंडी परिसर में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के अधिकारियों तथा पेयजल व्यवस्था के लिए नगर पालिका के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आष्टा एसडीएम श्री महेंद्र प्रताप सिंह किरार, तहसीलदार श्री राम पगारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।