सतना । कृषि विभाग द्वारा मोटे अनाज के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने और श्री अन्न उत्पादों के ब्रांडिंग के लिए शनिवार को शाम को मिलेट्स ब्रांडिंग कम एग्जीबिशन गैलरी का आयोजन किया गया। सतना सांसद श्री गणेश सिंह, विधायक चित्रकूट सुरेंद्र सिंह गहरवार, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने मिलेट प्रदर्शनी का उद्घाटन कर श्री अन्न उत्पादों और उनसे बने व्यंजनों का अवलोकन किया। इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह ने कहा कि श्री अन्न यानि मोटे अनाज हमारे देश का मौलिक और परंपरागत अनाज है। इससे बने व्यंजन तथा भोजन की पौष्टिकता और स्वाद लाजबाब होने के साथ ही व्यक्ति को स्वस्थ्य रखने में भी सहायक होते हैं। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर देश में वर्ष 2023 को श्रीअन्न (मिलेट) वर्ष के रूप में मनाया गया। स्वास्थ्य भारत और मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने के लिए किसानों को मिलेट्स की ओर जाना होगा। गत वर्षों की तुलना में सतना और मैहर जिले में मोटे अनाजों की खेती निरंतर बढ रही है। विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार ने कहा कि मोटे अनाज हमारे किसानों के लिए पूर्व के वर्षों में प्राथमिकता की फसल रहा है। लेकिन बाद में बढती हुई देश की आबादी और अन्य फसलों की अपेक्षा कम उत्पादन होने से धीरे-धीरे मिलेटस का अभाव होता गया। विधायक ने कहा कि खेती में उत्पादन की लागत बाजार और मूल्य तीन चीजें प्रमुख होती है। उत्पादन अच्छा हो और फसल की कीमत समानुपातिक रूप से अच्छी मिले तो किसान इसकी ओर प्रेरित होगा। कार्यक्रम के प्रारंभ में उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास मनोज कश्यप ने बताया कि राज्य मिलेटस प्रोत्साहन योजना के तहत मोटे अनाजों के उत्पादन को बढावा देने और किसानों को इस ओर प्रेरित करने मोटे अनाज (मिलेटस) की ब्रांडिग की जा रही है। प्रदर्शनी में ज्वार, बाजरा, कोदो, कुटकी, सांवा और रागी के बनने वाले उत्पाद और उनसे बनने वाले स्वादिष्ट पोषण युक्त व्यंजन रखे गये हैं। प्रदर्शनी में आये हुए सहभागियों ने स्व सहायता समूह एवं एफपीओ तथा कृषि मित्रों द्वारा मोटे अनाज से सतना जिले में निर्मित उत्पादों का अवलोकन और क्रय तथा मिलेटस से बने व्यंजनों, कोभरी, लाटा, ज्वार, बाजरा और मक्के की रोटी, कटलेट (बडा), कोदो-कुटकी का भात, चौसेला, भरता और रांगी की स्वादिष्ट खीर का रसास्वादन किया।