जब छात्राओं के सवालों के आगे मंत्री जी की हो गई बोलती बंद
खंडवा l मंत्री कुंवर विजय शाह खंडवा के शासकीय माखनलाल कन्या महाविद्यालय के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मंच से आदिवासी छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के लिए एक कोचिंग सेंटर एवं उनके रहने के लिए छात्रावास बनाने की घोषणा कर दी। लेकिन, इस दौरान सामान्य और गरीब एवं मध्यम वर्ग से आने वाली कई छात्राएं भी सभा में मौजूद थीं, जिनका अपने लिए कुछ न मिलता देख मूड खराब हो गया और वे मंत्रीजी के मंच से उतरते उन्हें घेरकर खड़ी हो गईं। सामान्य वर्ग की इन छात्राओं ने कहा कि सर सभी योजनाएं आदिवासी छात्राओं के लिए हैं, हमारा भी थोड़ा ध्यान रखा जाए। ऐसे में पहले तो खुद मंत्री शाह भी पेशोपेश में पड़ गए। मंत्री जी ने उन छात्राओं से कहा कि आपको जो लगे, मैं सीएम से मिलवाऊंगा, आप उन्हीं से बात करना।



