ऊर्जा मंत्री ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान में बिजली कंपनी कार्यालय परिसर में किया पौधरोपण
भोपाल।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने "एक पेड़ माँ के नाम 2.0" अभियान के तहत शुक्रवार को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय परिसर में फाइकस पांडा का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि पौधों की पेड़ बनने तक देखभाल करें। फाइकस पांडा वातावरण में शुद्ध ऑक्सीजन प्रवाह करता है। साथ ही सदाबहार होता है।
मंत्री श्री तोमर ने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि गतवर्ष इस परिसर में जो पौधे लगाए गये थे, वे सभी सुरक्षित हैं और लहलहा रहे हैं। उन्होंने सभी बिजली कंपनियों के एमडी को निर्देशित किया है कि सुनियोजित तरीके से पौधरोपण करायें। साथ ही इनकी देखभाल भी सुनिश्चित करें।
कॉल सेंटर में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बिजली से संबंधित शिकायतें दर्ज करने के लिये बनें कॉल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कॉल सेंटर में फोन लगाने पर बार-बार वेटिंग के लिये कहा जाता है। मंत्री श्री तोमर ने कहा कि बरसात में बिजली की शिकायतें ज्यादा आती है। अत: इनमें कर्मचारियों की संख्या बढ़ाएं। वर्तमान में 90 कर्मचारी कार्य कर रहे हैं।
कॉल सेंटर से उपभोक्ताओं से की बात
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कॉल सेंटर में 4 घंटे से अधिक समय से लंबित शिकायतों के संबंध में संबंधित क्षेत्र के डीई और उपभोक्ताओं से बात की। उन्होंने शिवाजी नगर क्षेत्र और आनंद नगर क्षेत्र के डीई से बात कर कहा कि कारण सहित बताएं कि शिकायतों के निराकरण में इतना समय क्यों लग रहा है। कारण तार्किक नहीं होने पर कार्यवाही की जाएगी। मंत्री श्री तोमर ने बिजली उपभोक्ता श्री संजय नागपुरे और श्री राहुल से बात कर उनकी शिकायतों के निराकरण के संबंध में जानकारी ली।
सकारात्मक रहते हुए करें कार्य
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में चयनित कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहा कि आप सकारात्मक रहते हुए आने वाली पीढ़ी का जीवन सकारात्मक बनाएं। आपको सौंपे जाने वाले दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करें और कार्यालय में सकारात्मक माहौल बनाएं। हमेशा नकारात्मक लोगों से दूर रहें। इस दौरान विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


