बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मिर्ज़ापुर: द मूवी' की उल्टी गिनती आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है। मेकर्स ने फिल्म के ग्रैंड टीज़र रिलीज़ से ठीक एक दिन पहले एक नया और बेहद दमदार पोस्टर जारी किया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। लेटेस्ट पोस्टर में मिर्ज़ापुर की सत्ता का प्रतीक यानी वो मशहूर 'गद्दी' सबसे आगे और बीच में दिखाई दे रही है। इस गद्दी के दोनों तरफ़ भारी मात्रा में बंदूकें सजी हुई हैं।

अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही 'मिर्ज़ापुर: द मूवी' को गुरमीत सिंह ने डायरेक्ट किया है और पुनीत कृष्णा ने लिखा है। इस फ़िल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं। इस बहुप्रतीक्षित फ़िल्म को 4 सितंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाएगा।