दमोह जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार  दमोह पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों से मुलाकात की। इसी दौरान, हटा से भाजपा विधायक उमादेवी खटीक ने उनसे दो मंत्रियों की शिकायत कर आरोप लगाया कि जिले के मंत्री हटा विधानसभा क्षेत्र में दखल दे रहे हैं। उमादेवी खटीक ने कहा कि अगर मंत्री अपनी दखलअंदाजी जारी रखते हैं तो वे हटा में अपना कार्यालय खोलने को तैयार हैं और इस्तीफा दे सकती हैं। इस पर प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने उन्हें शांत कराया और आश्वासन दिया कि इस तरह की पुनरावृत्ति नहीं होगी।जब मीडिया ने मंत्री परमार से इस मुद्दे पर सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा परिवार है, हम सब साथ रहते हैं, यह घर की बात है, सुलझा लिया जाएगा। बैठक के बाद जब हटा विधायक उमादेवी खटीक से मीडिया ने बात की, तो उन्होंने साफ किया कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था। उनका असली मुद्दा ट्रांसफर नीति को लेकर था। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने मंत्रियों के लिए कहा था कि वे हटा में अपना कार्यालय खोल लें, तो उन्होंने स्वीकार किया कि गुस्से में मुंह से यह शब्द निकल गए थे l फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि विधायक की नाराजगी किस मंत्री से है l