गुना l सड़क निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत पर विधायक पन्नालाल शाक्य ने खुद मौके पर पहुंचकर हथौड़ा मारकर सड़क की मजबूती जांची। सड़क की परत उखड़ते ही निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो गए।स्थानीय लोगों का आरोप था कि हाल ही में बनी सड़क में भारी अनियमितताएं बरती गई हैं और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जिससे सड़क जल्दी खराब होने लगी है।निरीक्षण के दौरान उन्होंने पहले हाथों से ही सड़क की ऊपरी परत को कुरेदकर उसकी गुणवत्ता परखी। इसके बाद उन्होंने खुद हथौड़ा उठाकर सड़क की मजबूती की जांच शुरू कर दी। विधायक द्वारा मौके पर ही सड़क की परतें उखाड़कर जांच करने का दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भी हैरान करने वाला था।उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है और इस सड़क को दोबारा बनाने की जरूरत है। विधायक के तीखे तेवरों के सामने पीडब्ल्यूडी अधिकारी बैकफुट पर नजर आए। जब उनसे पूछा गया कि नई बनी सड़क की गिट्टी इतनी जल्दी क्यों उखड़ रही है, तो उनके पास इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं था।