MP - कई राउंड फायरिंग विधायक के भतीजे की पहली पत्नी घायल
सतना l परसमनिया गढ़ी में गुरुवार को पारिवारिक विवाद के दौरान अचानक गोली चल गई। फायरिंग की इस घटना में नागौद राजपरिवार की सदस्य योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गढ़ी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया l नागौद विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे एवं राजपरिवार के सदस्य रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा और उनकी पहली पत्नी योगिता सिंह के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद के समाधान और आपसी बातचीत के उद्देश्य से योगिता सिंह दो दिन पहले परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं। घटना के समय उनके साथ उनके भाई और अन्य परिजन भी मौजूद थे।दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी, तभी किसी बात को लेकर विवाद अचानक बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान रूपेंद्र सिंह की दूसरी पत्नी सुनीता सिंह ने 22 बोर की लाइसेंसी बंदूक से कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान चली एक गोली योगिता सिंह के पेट में जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली लगते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्काल घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रीवा रेफर कर दिया गया।चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उनकी स्थिति पहले से बेहतर है और उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनीता सिंह को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार को भी जब्त कर लिया गया है।


