सतना l एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें चित्रकूट विधानसभा सीट से विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार अपने ड्राइवर को थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे है। सूत्रों के अनुसार चित्रकूट में जन समस्या निवारण शिविर के बाद अपने वाहन में बैठे भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार  ने अपने ड्राइवर को सिर्फ इसलिए थप्पड़ जड़ दिया क्योंकि उसने गाड़ी बढ़ाने में देर कर दी। घटना बुधवार की बताई जा रही गई है। चित्रकूट में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में  विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार पहुंचे हुए थे। यहां उन्होंने जनता को अपना संबोधन दिया और लोगों की समस्याएं भी सुनी। इसके बाद वे शिविर से निकले। इस दौरान उन्होंने शिविर के बाहर मीडिया कर्मियों के सवालों के जवाब दिए। फिर अपने वाहन की ओर बढ़ गए। इसी दौरान एक मीडिया कर्मी उनसे सवाल पूछते हुए उनके पीछे-पीछे चलने लगा। विधायक वाहन में बैठ गए थे।इस बीच विधायक ने अपने चालक को वाहन आगे बढ़ाने कहा, लेकिन चालक किसी और के आने को लेकर पीछे देख रहा था। गाड़ी आगे न बढ़ाते देख सुरेन्द्र सिंह ने चालक को थप्पड़ मारते हुए आगे बढ़ाने को कहा। यह घटना कैमरे में कैद हो गई। यह वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। इस संबंध में विधायक सुरेन्द्र सिंह से संपर्क किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।