MP - विधायक पर अवैध वसूली का आरोप, विधायक के खिलाफ लगे नारे, आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग
सैलाना विधायक पर लगे गंभीर आरोपों के कारण जिले की सियासत गरमा गई है। रतलाम के शिवगढ, बाजना और सैलाना के डंपर तथा ट्रैक्टर मालिकों ने सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार पर पद के दुरुपयोग और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। एसडीएम तरुण जैन को ज्ञापन सौंपते हुए विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई कर आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध करने की मांग की थी। इधर दूसरी तरफ विधायक का कहना है कि डंपर चालक अवैध खनन कर रहे है। इन पर कार्रवाई जरुरी है। जब प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो वे स्वयं जाकर पकड़ रहे है, इसलिए ही हड़कंप है। डंपर तथा ट्रैक्टर मालिकों द्वारा कलेक्टोरेट में दिए ज्ञापन में बताया गया कि विधायक उनके वाहनों को रोककर प्रति वाहन 50000 की अवैध राशि की मांग कर रहे हैं। राशि न देने पर झूठे मामले दर्ज कराने की धमकी भी दी जा रही है।


