शिवपुरी l करैरा में रानी अवंती बाई लोधी जयंती कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के जोरदार और दमदार संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है। वीडियो में वे कृष्ण-शिशुपाल का उदाहरण देते हुए 99 गालियां सहने और 100वीं पर जवाब देने की बात कहते नजर आ रहे हैं। विधायक लोधी ने कहा कि वे सच्चाई के लिए लड़ते हैं और समाज के लोगों को भगवान कृष्ण से सीख लेने की बात कही। उन्होंने कृष्ण और शिशुपाल का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान कृष्ण ने भी शिशुपाल की 99 गालियां सुनी थीं और इसके बाद उसकी व्यवस्था कर दी थी। उन्होंने कहा कि गालियां सुनते रहें और उनकी गिनती करते रहें। जैसे ही 99वीं गाली पूरी हो, सामने वाले को चेतावनी दे दी जाए कि 99 हो गई हैं, अब 100वीं गाली नहीं होनी चाहिए। विधायक ने आगे कहा कि गिनती 100 पर पहुंचने के बाद जवाब देना जरूरी है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग ‘लातों के भूत’ होते हैं और बातों से नहीं मानते। ऐसे लोगों को उनकी भाषा में जवाब देने की जरूरत पड़ती है।रानी अवंती बाई लोधी जयंती के कार्यक्रम में दिए गए इस संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद विधायक के बयान की चर्चा हो रही है।