सागर l हॉकी के मैदान में अपने जज़्बे और मेहनत से अपनी पहचान बनाने वाली कु. महजबी मिर्जा ने वर्ष 2021 में खेल परिसर सागर में हॉकी प्रशिक्षण प्राप्त करना प्रारंभ किया। अपने समर्पण और कठिन परिश्रम से महजबी मिर्जा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी लगन और प्रतिभा ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया, जहाँ उन्होंने वर्ष 2023-24 में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 67वीं स्कूल गेम्स प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। उनकी इस सफलता का सफर यहीं नहीं रुका, बल्कि वर्ष 2024 में आयोजित 14वीं हॉकी इंडिया महिला सब-जूनियर प्रतियोगिता में भी उन्होंने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक हासिल किया।

महजबी मिर्जा की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, समर्पण और खेल के प्रति अटूट प्रेम को दर्शाती है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और कोच बल्कि पूरे मध्यप्रदेश को गर्व है। उनकी यह कहानी अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। महजबी मिर्जा आगे भी इसी तरह सफलता और ऊंचाइयों को छूने के लिए नियमित रूप से प्रयास करती है।