भोपाल । पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा की अध्‍यक्षता में आज पुलिस मुख्यालय, भोपाल में राज्‍य स्तरीय ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तकनीक आधारित पुलिसिंग, डिजिटल गवर्नेंस एवं  प्रकरणों के प्रभावी निराकरण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। आज के डिजिटल युग में अपराध के स्वरूप और उसकी पद्धतियाँ तेजी से बदल रही हैं, ऐसे में पारंपरिक कार्यप्रणाली के साथ-साथ उन्नत तकनीकी साधनों का प्रभावी उपयोग अनिवार्य हो गया है। डेटा आधारित निर्णय प्रणाली (Data-driven Policing) के माध्यम से अपराध के पैटर्न का विश्लेषण, हॉटस्पॉट की पहचान, संसाधनों का वैज्ञानिक वितरण तथा त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सकती है। इससे न केवल अपराध नियंत्रण की रणनीतियाँ अधिक सटीक और परिणामोन्मुख बनती हैं, बल्कि सेवा वितरण की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही में भी निरंतर सुधार संभव होता है। उन्होंने अधिकारियों को तकनीकी दक्षता विकसित करने और उपलब्ध डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करने पर विशेष बल दिया।
अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक एससीआरबी श्री जयदीप प्रसाद ने प्रदेशभर में प्रकरणों की स्थिति की जिला-वार विस्तृत समीक्षा की। उन्‍होंने चालानों के शीघ्र निराकरण, न्यायालयीन प्रक्रिया में गति लाने तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग तंत्र विकसित करने एवं प्रगति की सतत समीक्षा करने पर विशेष बल दिया।
उन्‍होंने चालान प्रबंधन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने हेतु विकसित नई डिजिटल यूटिलिटी के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की। उन्‍होंने निर्देशित किया कि उक्त प्रणाली का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करते हुए डेटा की शुद्धता, रियल-टाइम अपडेट एवं कार्यप्रवाह की पारदर्शिता बनाए रखी जाए, जिससे प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि हो सके।
इसके अतिरिक्त Crime and Criminal Tracking Network & Systems (CCTNS) से संबंधित आवश्यक प्रपत्रों, लंबित प्रविष्टियों एवं डाटा अद्यतन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सभी जिलों को निर्देश दिए गए कि CCTNS में सूचनाओं की समयबद्ध एवं त्रुटिरहित प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए, जिससे अपराध विश्लेषण, अपराधियों की ट्रैकिंग एवं अंतरराज्यीय समन्वय और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि तकनीक आधारित मॉनिटरिंग, डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन एवं ई-गवर्नेंस प्रणालियों के माध्यम से पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं नागरिक हितैषी बनाया जाए।
बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक सीआईडी श्री पंकज श्रीवास्‍तव, पुलिस महानिरीक्षक एससीआरबी श्री हरिनारायण चारी मिश्र, सहायक पुलिस महानिरीक्षक सहित प्रदेश के समस्त जिलों के पुलिस अधीक्षक, इकाई प्रमुख एवं संबंधित अधिकारीगण वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।