देवास l जिनवानी वन परिक्षेत्र के कमलापुर बीट स्थित कक्ष क्रमांक-94 में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पथराव में वन विभाग के छह कर्मचारी घायल हो गए, जबकि शासकीय वाहन और जेसीबी मशीन को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, ग्रामीणों ने   इसका विरोध करना शुरू कर दिया। अधिकारियों द्वारा समझाइश देने के बावजूद स्थिति नहीं संभली और विरोध उग्र हो गया।अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पथराव में वनरक्षक मोहन पंचोनिया, ज्योति जाट, कमल राणा, देवकरण मालवीय, सूरज धांधे तथा वनपाल एवं परिक्षेत्र सहायक के.के. परमार घायल हो गए। घटना में कार्रवाई के लिए उपयोग की जा रही जेसीबी मशीन और शासकीय वाहन के कांच भी टूट गए।

गंभीर रूप से घायल कुछ कर्मचारियों को बेहतर इलाज के लिए आरआर अस्पताल चापड़ा और जिला चिकित्सालय देवास रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना के बाद वन विभाग और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और वन विभाग के अधिकारी पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर रहे हैं।