मुरैना l मंगलवार को दिनदहाड़े एक निजी स्कूल से चार साल के मासूम बच्चे के अपहरण की वारदात सामने आई है। स्कूल की छुट्टी होते ही स्कूटी पर सवार दो युवक बच्चे को गोद में उठाकर अपने साथ ले गए। पूरी घटना स्कूल परिसर में लगे CCTV  कैमरे में कैद हो गई है। घटना गायत्री कॉलोनी, गोपालपुरा स्थित रेन बो स्कूल की है। अपहृत बच्चा प्ले ग्रुप का छात्र है।पुलिस ,स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चे को सुरक्षित बरामद करना पुलिस की पहली प्राथमिकता है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं l