शाजापुर। शहर के व्यस्त टंकी चौराहा पर सोमवार को एक खड़ी मोटरसाइकिल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची लपटें उठने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया। यदि थोड़ी भी देरी होती तो आग आसपास खड़े अन्य वाहनों तक फैल सकती थी।
घटनास्थल के पास ऑटो स्टैंड भी स्थित है, जहां हमेशा चार-पांच ऑटो खड़े रहते हैं। ऐसे में ऑटो चालकों की सूझबूझ से अन्य वाहनों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
गौरतलब है कि इन दिनों बढ़ती गर्मी के चलते आगजनी की घटनाओं में इजाफा देखने को मिल रहा है। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई।