अजब-गजब : तीन साल के कोर्स का चार साल बाद भी नहीं मिला रिजल्ट
भोपाल l वर्ष 2022-23 बैच के जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) विद्यार्थियों का प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम अब तक घोषित नहीं होने से हजारों छात्रों का भविष्य अनिश्चितता में फंस गया है। ऐसे कई मुद्दों को लेकर आज एनएसओ छात्र संगठन के बैनर तले प्रदेश अलग-अलग जिलों से आए नर्सिंग छात्रों ने मध्यप्रदेश नर्सिंग काउंसिल कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और लंबित परीक्षाओं, परिणामों तथा छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की।छात्रों का कहना है कि जीएनएम पाठ्यक्रम तीन वर्ष का है, लेकिन वर्ष 2022-23 बैच के विद्यार्थियों को प्रवेश लिए चार साल के करीब समय बीत चुका है और अब तक प्रथम वर्ष का परिणाम घोषित नहीं किया गया है। परिणाम नहीं आने से विद्यार्थी अगले शैक्षणिक चरण में प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं और उनका करियर प्रभावित हो रहा है।छात्रों ने जीएनएम 2022-23 बैच का लंबित परिणाम तत्काल घोषित करने, जीएनएम और एएनएम की लंबित परीक्षाओं की तिथियां जारी करने, सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने, लंबित रजिस्ट्रेशन और एनओसी जारी करने तथा नर्सिंग शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


