झाबुआ -12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ थीम के अंतर्गत पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झाबुआ में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार, वनमण्डलाधिकारी श्री भरत सोलंकी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेंद्रसिंह चौहान उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

 

राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया तथा प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुना गया। उपस्थितजनों ने प्रधानमंत्री के संदेश को ध्यानपूर्वक सुनते हुए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

 

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के बिना जीवन में सफलता प्राप्त करना संभव नहीं है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व योग की महत्ता को स्वीकार कर रहा है और करोड़ों लोग एक साथ योगाभ्यास कर रहे हैं। यह भारत की प्राचीन संस्कृति एवं परंपरा की विश्व स्तर पर स्वीकृति का प्रतीक है।

 

सुश्री भूरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे जो संदेश देश और दुनिया को देते हैं, उसे स्वयं अपने जीवन में भी अपनाते हैं। स्वच्छता अभियान के दौरान उन्होंने स्वयं सफाई कर देशवासियों को प्रेरित किया और योग के प्रति भी वे निरंतर लोगों को जागरूक करते रहे हैं। आज योग के माध्यम से भारत पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा आने वाली पीढ़ी को भी योग के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।

 

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने अपने संबोधन में कहा कि योग व्यक्ति की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ उसे ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता प्रदान करता है। हमारी संस्कृति में योग सदियों से जीवन का हिस्सा रहा है, लेकिन इसे वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है। आज विश्व के अनेक देशों में लोग योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

 

कलेक्टर ने कहा कि भारत की संस्कृति सदैव ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को बढ़ावा देती है और योग इसी भावना का प्रतीक है। योग हमें स्वयं को संतुलित रखने, अनुशासित जीवन जीने और दूसरों के प्रति सम्मान का भाव विकसित करने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं होना चाहिए, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनना चाहिए। योग हमें समय का सदुपयोग, अनुशासन और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नियमित योगाभ्यास करने का आग्रह किया।

 

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, मस्तिष्क और आत्मा को संतुलित रखने का प्रभावी माध्यम है। वर्तमान जीवनशैली में बढ़ते तनाव और व्यस्तताओं के बीच योग मानसिक शांति एवं आत्मविश्वास प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति अनुशासित, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जी सकता है। योग हमें धैर्य, एकाग्रता और आत्मनियंत्रण की सीख देता है, जो व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ सामाजिक और व्यावसायिक जीवन में भी अत्यंत उपयोगी है।

 

सामूहिक योगाभ्यास

कार्यक्रम के दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योग क्रियाओं एवं आसनों का अभ्यास कराया गया। उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्कूली छात्राओं ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। योग प्रशिक्षकों द्वारा योग की विभिन्न विधियों एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी प्रदान की गई।

 

राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह का लाइव प्रसारण

कार्यक्रम में जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा गया। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का प्रसारण उपस्थितजनों ने देखा एवं सुना। 

 

‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं अन्य अतिथियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया गया। उपस्थितजनों से अधिकाधिक पौधारोपण कर उनकी देखभाल करने का भी आग्रह किया गया।

 

योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

 

इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी , सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि , विद्यालय के शिक्षक,स्टाफ एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्राएं उपस्थित रहे।