मंडला l लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने जिले में खरीफ सीजन के लिए उर्वरक वितरण व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली। कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में आयोजित बैठक में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने बताया कि जिले में अब तक 64,772 किसानों को 25,774 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण बिना किसी परेशानी के किया जा चुका है। जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी एसडीएम सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जिले की सुव्यवस्थित उर्वरक वितरण व्यवस्था की सराहना करते हुए मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि यह अच्छी पहल है और इसी प्रकार किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने ई-टोकन प्रणाली का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक किसान इस सुविधा का लाभ उठा सकें। बैठक में उप संचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया ने ई-विकास प्रणाली, ई-टोकन व्यवस्था तथा जिले में अब तक हुए उर्वरक वितरण की जानकारी दी। इस पर मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि किसानों को फसल की आवश्यकता के अनुरूप ही उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने अधिक मात्रा में रासायनिक उर्वरकों के उपयोग से बचने की सलाह देते हुए नैनो यूरिया एवं नैनो एनपीके के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। साथ ही किसानों को इनके उपयोग की सही विधि भी समझाने के निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एडीएम श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।