रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने और भाजपा को जीतने के लिए दोनों हाथ जोड़कर अपील कर रहे हैं पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा
दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर गुरुवार सुबह भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में जुटने का आह्वान किया।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि कुछ कार्यकर्ता पूर्व में हुए घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर भाजपा के खिलाफ टिप्पणियां कर रहे हैं और भाजपा से बदला लेने जैसी बातें लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का लक्ष्य भाजपा को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि कांग्रेस को हराकर भाजपा को विजयी बनाना होना चाहिए।
पूर्व गृहमंत्री ने कार्यकर्ताओं से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि कोई भी भाजपा कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर पार्टी के खिलाफ टिप्पणी न करे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपना पूरा ध्यान और ऊर्जा भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जिताने में लगाएं।
उन्होंने कहा, "सोशल मीडिया पर अपना विजन और मिशन भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत बनाइए। पार्टी को मजबूत करना और भाजपा की विजय सुनिश्चित करना ही हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।"


