​शीघ्र ही महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा के समीप बनेगा शेड: नितिन कुमार गुप्ता
​आगामी महाआरतियों को और भव्य व व्यापक स्वरूप दिया जाएगा: मुकेश गोयल
​भोपाल । अग्रवाल समाज द्वारा अपने आराध्य देव महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी माता महालक्ष्मी की 28वीं महाआरती रविवार सायंकाल 'श्री अग्रसेन वाटिका' (आईटीसी पार्क, कमला पार्क के सामने, भोपाल) में अगाध श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुई। इस अवसर पर तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बरसते पानी में भी भक्तों ने आरती कर महाराजा अग्रसेन के संकल्पों को जीवंत रखा। महाआरती में बड़ी संख्या में अग्रबंधु सपरिवार उपस्थित हुए और समाज, प्रदेश तथा राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
​इस बार महाआरती की मुख्य जजमानी जुमेराती महिला किटी ग्रुप द्वारा की गई। इस दौरान निशा गुप्ता, मोहिनी अग्रवाल, मोनिका गुप्ता, चेतना अग्रवाल, रूपाली अग्रवाल, अर्चना गुप्ता, दीप्ति अग्रवाल, लीना अग्रवाल, मोनाली अग्रवाल, छाया अग्रवाल, स्मिता अग्रवाल, रेशु अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, सुगंधा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं अग्रबंधु उपस्थित रहे।
​'एक ईंट, एक रुपया' के सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाना उद्देश्य
​आयोजन समिति के नितिन कुमार गुप्ता ने बताया कि इस महाआरती का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना तथा महाराजा अग्रसेन के “एक ईंट-एक रुपया” के आदर्श सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाना है। चैत्र नवरात्र 2024 से प्रारंभ हुई यह महाआरती अब समाज की एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा बन चुकी है। प्रत्येक माह आयोजित होने वाले इस अनुष्ठान से अग्रबंधुओं के बीच एकता, सहयोग एवं भाईचारे की भावना को निरंतर बल मिल रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बचाने के लिए महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा के समीप शीघ्र ही शेड का निर्माण कराया जाएगा।
​आगामी आयोजनों को दिया जाएगा और भव्य स्वरूप
​समिति के मुकेश गोयल ने बताया कि आगामी महाआरतियों को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं व्यापक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मुकुल गुप्ता, मुकेश गोयल, धीरज गुप्ता, नीरज गुप्ता, मोहित अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, रितेश अग्रवाल,मुकेश अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल सहित अनेक अग्रबंधुओं का विशेष व सक्रिय सहयोग रहा।
​लकी ड्रॉ और प्रसाद वितरण
​महाआरती के समापन पर सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान एक विशेष लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रथम पुरस्कार राधा अग्रवाल एवं द्वितीय पुरस्कार मोहित अग्रवाल को प्राप्त हुआ। आयोजन समिति ने महाआरती को सफल बनाने हेतु सभी सहयोगकर्ताओं एवं अग्रबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।