शाजापुर जिले में 77वे गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर जिला मुख्यालय पर संपन्न हुए मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खा़द्य प्रसंस्‍करण विभाग मंत्री एवं शाजापुर जिला प्रभारी श्री Narayan Singh Kushwah ने ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। 

       जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम ग्राउण्ड में संपन्न हुए मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने प्रातः ठीक 9.00 बजे ध्वज फहराया। इसके साथ ही राष्ट्रगान हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने परेड का निरीक्षण किया।

मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेश की जनता के नाम दिये गये संदेश का वाचन किया। संदेश वाचन के उपरांत परेड में शामिल जवानों द्वारा हर्ष फायर किया गया। इसके उपरांत परेड कमाण्डर सुबेदार सोन वर्मा के नेतृत्व में परेड ने आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन कर सलामी दी। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने मार्च पास्ट में शामिल दलों के कमाण्डर्स से परिचय प्राप्त किया। साथ ही मुख्य अतिथि ने हर्षोल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आसमान में छोड़े तथा स्वतंत्रता संग्राम तथा लोकतंत्र सैनानियों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पीटी का प्रदर्शन किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरदार वल्लभ भाई पटेल शासकीय सांदीपनि विद्यालय शाजापुर के विद्यार्थियों ने “है नरसिंग यह रग रग में रग रग मै रे तूफान” गीत पर आकर्षक सामुहिक नृत्य प्रस्तुत किया। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उमावि के विद्यार्थियों ने जय भारती वंदे भारती, सर पर हिमालय का छत्र गीत पर सामुहिक नृत्य प्रस्तुत किया। इटरनल स्कूल ऑफ स्टडीज के विद्यार्थियों ने मन में भय की बूंदे ही न हो माथा ऊंचा लहराए जागो मेरे देश जागो मेरे देश, एमजी कान्वेंट के विद्यार्थियों ने “देश से है प्यार तो हर पल ये कहना चाहिए, में रहूं या ना रहूं भारत ये रहना चाहिए तथा विद्याकुंज स्कूल शाजापुर के विद्यार्थियों ने जय हो जय हो जय हो गीत पर सामूहिक प्रस्तुति दी। इसके उपरांत खेल विभाग के खिलाड़ियों ने रोप मलखम्ब, हेंगिंग मलखम्ब एवं पोल मलखम्ब पर विभिन्न मुद्राओं में योग का प्रदर्शन किया। 
------
झांकियो का प्रदर्शन
-----
गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने क्षीराधारा ग्राम योजनांतर्गत गतिविधि, हिरण्यगर्भा अभियान गतिविधि, जिला शिक्षा अधिकारी ने भविष्य की शिक्षा एवं बुनियादी साक्षरता, महिला एवं बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी ने पौष्टिक खायेगे खूब पढेगे-आगे बढ़ेगें, किसान कल्याण तथा कृषि विभाग शाजापुर ने जैविक खेती-समृद्ध किसान, स्वस्थ भारत, उद्यान विभाग ने पॉलीहाउस / शेडनेट हाउस मॉडल में उन मूल्य की सब्जी फसलों की उन्नत खेती, जिला पंचायत शाजापुर ने एक बगिया माँ के नाम"/ लखपति दीदी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने भूजल संरक्षण से हर घर जल, स्वास्थ्य विभाग ने एचआरपी, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, प्रधानमंत्री मातृत्व स्वास्थ्य, वन विभाग ने बोमा ऑपरेशन, नगर पालिका शाजापुर ने स्वच्छ जल, राज राजेश्वरी माता मंदिर मॉडल पानी की टेस्टिंग एवं उद्योग विभाग ने औद्योगिक विकास थीम पर झांकियों का प्रदर्शन किया। इस दौरान यातायात पुलिस विभाग ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने एवं सड़क दुर्घटना से बचाव से संबंधित जागरूकता नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी।
-------
पुरस्कारों का वितरण
-------
गणतंत्र दिवस पर संपन्न हुए मुख्य समारोह में उत्कृष्ट परेड, उत्कृष्ट झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया।

    उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन के लिए समूह “अ” में जिला पुलिस बल को प्रथम, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा बल को द्वितीय एवं विशेष सशस्त्र पुलिस बल को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।

    इसी तरह समूह “ब” में परेड में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय बीकेएसन महाविद्यालय शाजापुर सीनियर अंडर ऑफिसर एनसीसी सीनियर छात्रा दल को प्रथम, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय बीकेएसन महाविद्यालय शाजापुर सीनियर अंडर ऑफिसर एनसीसी सीनियर छात्र दल को द्वितीय तथा उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 शाजापुर एनसीसी जूनियर छात्र दल को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।

    इसी तरह समूह “स” में परेड में मा उमिया ज्ञानपीठ शाजापुर सीनियर रेडक्रास छात्रा दल को प्रथम, महिला एवं बाल विकास विभाग शाजापुर शौर्या दल को द्वितीय तथा स्काउट छात्र सी.एम. राईस स्कूल शाजापुर को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।

      सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रदर्शन में सरदार वल्लभ भाई पटेल शा. सांदीपनि विद्यालय शाजापुर को प्रथम, एम.जी. कॉन्वेंट शाजापुर को द्वितीय एवं शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उमावि को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसके साथ ही मलखंभ प्रदर्शन एवं पीटी कोच को विशेष प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।

    झांकियों के प्रदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग को प्रथम, पीएचई को द्वितीय तथा शिक्षा विभाग की झांकी को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।

     इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा समाज सेवा से जुड़े व्यक्तियों को भी प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। समारोह का संचालन श्री ओपी विजयवर्गीय एवं श्रीमती रेखा पुरोहित ने किया।

            इस मौके पर विधायक श्री अरूण भीमावद, डॉ. रवि पाण्डे, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत, पूर्व विधायक श्री पुरूषोत्तम चन्द्रवंशी, श्री आशीष नागर, श्री उमेश टेलर, अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुपमा चौहान, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले, डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा गंगारे एवं श्रीमती अंकिता पाटकर सहित जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थी।