गोल पहाड़िया-तिघरा रोड का मंत्री श्री कुशवाह ने लिया जायजा
ग्वालियर । गोल पहाड़िया-तिघरा रोड पर सड़क की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने रविवार को सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क धंसने वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ सुधार कार्य कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री कुशवाह ने सड़क की स्थिति तथा आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क पर ऐसे स्थानों को प्राथमिकता से चिन्हित किया जाए, जहां सड़क धंसने अथवा क्षतिग्रस्त होने से आवागमन में परेशानी या दुर्घटना की संभावना हो। इन स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के साथ सुधार कार्य भी कराया जाए। मंत्री श्री कुशवाह ने सड़क किनारे रह रहे लोगों से भी संवाद कर अपील की कि वे सड़क के नजदीक किसी प्रकार का निर्माण न करें। उन्होंने कहा कि सड़क की सीमा के समीप अनधिकृत अथवा असुरक्षित निर्माण से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है।
नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए सड़क से पर्याप्त दूरी बनाए रखना जरूरी है। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय तथा अपर आयुक्त श्री मुनीष सिकरवार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


