धरना, प्रदर्शन हालात तनावपूर्ण : पोस्टरों पर पैरों से कुचले जाने और थूकने जैसी हरकत से आक्रोश
रीवा l शिल्पी प्लाजा स्थित मुख्य मार्केट में 15 फरवरी को प्रस्तावित शिव बारात के प्रचार पोस्टरों को हटाने को लेकर नगर निगम और शिव भक्तों के बीच भारी विवाद खड़ा हो गया। आयोजक शिव भक्तों ने आरोप लगाया है कि , निगम कर्मचारियों ने न सिर्फ पोस्टरों को पैरों से कुचला, बल्कि एक पोस्टर पर थूकने जैसी आपत्तिजनक हरकत भी की, जिसे हिंदू धर्म और धार्मिक आस्था का अपमान बताया गया । इस अपमान के विरोध में आयोजकों और बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने शहर के मेन मार्केट में धरना दे दिया। प्रदर्शन के कारण पूरे इलाके का यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस और नगर निगम उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत की गई थी क्योंकि पोस्टर सड़क पर काफी नीचे लगे थे, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था। उन्होंने कहा कि निगम की मंशा किसी की आस्था को ठेस पहुँचाने की नहीं थी।पूरे मामले में तनाव बढ़ता देख नगर निगम उपायुक्त ने विभाग की ओर से माफी मांगी, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला।



