अमरवाड़ा के सोनपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक मंदिर परिसर में हरा झंडा फहराने और प्रतिमाओं पर हरे रंग का कपड़ा डाले जाने की घटना सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह जब ग्रामीणों ने मंदिर के गेट पर लगा झंडा देखा तो लोगों में आक्रोश और जिज्ञासा दोनों बढ़ गए। घटना की जानकारी जैसे ही गांव और आसपास के इलाकों में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर के पास एकत्रित होने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अमरवाड़ा थाना पुलिस हरकत में आई और सुबह मामले को गंभीरता से लेते हुए लाइन बल के साथ आसपास के थानों की पुलिस को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। एहतियात के तौर पर गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की तनावपूर्ण स्थिति न बने। पुलिस सीसीटीवी फुटेज तलाश रही है और उस व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है जिसने यह हरकत करके शांति भंग करने का प्रयास किया है।