डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा को अधिकारियों ने दिल्ली में प्राप्त राष्ट्रीय SKOCH Awards सौजन्य भेंट कर सौंपे ,नशे से दूरी है जरूरी जन-जागरूकता, डिजिटल पुलिसिंग एवं साइबर नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्यों पर मिले थे अवार्ड
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस को प्राप्त तीन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय SKOCH Awards पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा को पुलिस मुख्यालय, भोपाल में औपचारिक रूप से भेंट किए। यह सम्मान पुलिस महानिदेशक को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एससीआरबी श्री जयदीप प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स श्री डी श्रीनिवास वर्मा तथा पुलिस कमिश्नर श्री संजय कुमार ने सौजन्य भेंट कर सौंपे।
इस अवसर पर डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा ने सभी अधिकारियों एवं पुलिस बल को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि मध्यप्रदेश पुलिस की टीमवर्क, नवाचार एवं जनसेवा की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार तकनीक आधारित, पारदर्शी एवं प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से नागरिकों की सुरक्षा एवं विश्वास को और सुदृढ़ किया जाएगा। यह सम्मान मध्यप्रदेश पुलिस की उत्कृष्ट कार्यशैली, आधुनिक दृष्टिकोण एवं समाज-केंद्रित पुलिसिंग का सशक्त प्रमाण है।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पुलिस को जन-जागरूकता, डिजिटल गवर्नेंस एवं साइबर अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उत्कृष्ट, नवाचार एवं प्रभावी कार्यों के लिए नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित 106वें SKOCH Summit 2026 के दौरान 28 मार्च को SKOCH Awards से सम्मानित किया गया था।


