नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री ने की शस्त्र पूजा
सतना l राज्य शासन के निर्णयनुसार विजयदशमी के अवसर पर सभी जिला मुख्यालयों में शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित किये गये। विजयदशमी के अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने पुलिस लाइन सतना में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर विधिवत रूप से शस्त्र पूजा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शस्त्र पूजन का विशेष महत्व है, यह केवल परंपरा ही नहीं, बल्कि हमारे कर्तव्य, अनुशासन और राष्ट्र रक्षा के संकल्प का प्रतीक भी है। शस्त्र पूजन कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शस्त्र जहाँ एक ओर शक्ति और साहस का प्रतीक हैं, वहीं उनका प्रयोग सदैव धर्म, न्याय और जनसेवा के लिए होना चाहिए। इस अवसर पर सतना महापौर योगेश ताम्रकार, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, नगर निगम कमिश्नर शेर सिंह मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल धुर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवेश सिंह बघेल सहित सभी थाना प्रभारीगण एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।



