अब तू ही सहारा : चारपाई , कच्चे और कीचड़ भरे रास्ते,वीडियो हुआ वायरल
सतना जिले की कोठी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गौरैया के रामपुरा गांव में सड़क की बदहाली ने विकास के दावों की पोल खोल दी। शनिवार को पैरालिसिस से पीड़ित बुजुर्ग महिला प्रेमवती त्रिवेदी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन और ग्रामीण उन्हें चारपाई पर लिटाकर करीब डेढ़ किलोमीटर कच्चे और कीचड़ भरे रास्ते से मुख्य सड़क तक लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद गांव की बदहाल सड़क व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में है।
ग्रामीणों के अनुसार रामपुरा करीब 100 घरों का गांव है। गांव तक जाने वाली लगभग डेढ़ किलोमीटर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बरसात के मौसम में रास्ते पर कीचड़ और फिसलन होने से एंबुलेंस समेत अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे में मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को चारपाई या कंधों के सहारे मुख्य सड़क तक लाना मजबूरी बन जाता है।


