नर्मदापुरम ज़िले के पिपरिया के मंडी प्रांगण में 05 अक्‍टूबर से प्रारंभ हुए सांसद मेले में केंद्र सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तहत आने वाले केंद्रीय संचार ब्यूरो, भोपाल द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रविवार को इस चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन लोक निर्माण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह, सांसद श्री चौधरी दर्शन सिंह और राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया और अन्य गणमान्य नागरिकों द्वारा किया गया था। चित्र प्रदर्शनी में ऑपरेशन सिंदूर, जीएसटी में हाल ही में किए गए सुधारों, पोषण माह, स्वच्छता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 11 वर्ष और विकसित भारत पर विस्तार से जानकारी दी गई है। प्रदर्शनी का प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अवलोकन कर रहे हैं और इसमें दी गई जानकारी का लाभ उठा रहे हैं। प्रदर्शनी में स्वच्छता पर आधारित एक सेल्फी बूथ भी लगाया गया है जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रदर्शनी में तीन दिन गीत एवं नाटक पर भाग के पंजीकृत दलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं l