ग्वालियर । प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिन किसान भाईयों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है उन्हें पॉलिसी मुहैया कराने के लिये सरकार द्वारा "मेरी पॉलिसी मेरे हाथ" अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार एक अक्टूबर को मेला रोड स्थित परियोजना संचालक आत्मा कार्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर "मेरी पॉलिसी मेरे हाथ" अभियान के अंतर्गत पॉलिसी वितरित की गईं। 

इस अवसर पर उप संचालक किसान कल्याण श्री आर. बी.एस. जाटव, फसल बीमा जिला प्रबंधक श्री अभिषेक गौतम और सभी विकासखंडों के प्रतिनिधियों ने किसानों को फसल बीमा से होने वाले फायदे बताए । साथ ही जिले में फ़सल बीमा योजना की कॉमिक का विमोचन भी किया । इस कार्यक्रम के माध्यम से किसान भाईयों को भावांतर भुगतान योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। 

उप संचालक श्री आर. बी.एस. जाटव जी ने किसानों को इस अवसर पर कृषि रक्षक पोर्टल एवं हेल्पलाइन - 14447 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान भाई कृषि रक्षक पोर्टल हेल्पलाइन नंबर (KRPH) के साथ-साथ इस हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही इसके जरिए किसान फसल बीमा से जुड़ी अपनी समस्याओं का समाधान आसानी से प्राप्त कर सकते हैं l