पोस्ट ऑफिस से मिलता है, दुर्घटना बीमा का लाभ
हरदा / डाक निरीक्षक हरदा श्री अमित कुमार व्यास ने बताया कि डाक विभाग से दुर्घटना बीमा सहित अन्य योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होने हरदा जिले के सभी उद्योगों, फैक्ट्री संचालकों और आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे भी अपने कर्मचारियों और परिवार के सुरक्षित भविष्य हेतु इस दुर्घटना बीमा योजना का लाभ लें क्योंकि जीवन की सुरक्षा ही सबसे बड़ा निवेश है।
डाक निरीक्षक श्री व्यास ने बताया कि डाक विभाग की टीम ने ‘‘रजाई’’ फैक्ट्री संचालक श्री पलाश करोरें से संपर्क कर यहां कार्यरत सभी 17 वर्करों का 339 रूपये प्रीमियम वाला 5 लाख रूपये का दुर्घटना बीमा कराया साथ ही स्वयं मालिक ने भी अपना 15 लाख रूपये का बीमा कराया है। यह कदम श्री करोरे द्वारा अपने कर्मचारियों के हित, सुरक्षा और भलाई को ध्यान में रखते हुए उठाया गया, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। डाकघर की ओर से श्री पलाश करोरें द्वारा अपने कर्मचारियों के हित में किए गए इस सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य की प्रशंसा की गई और धन्यवाद प्रेषित किया गया।
श्री व्यास ने बताया कि इस बीमा योजना में किसी भी दुर्घटना या एक्सीडेंट की स्थिति में क्लेम की सुविधा, विकलांगता होने पर आर्थिक सहायता, दुर्घटना से संबंधित बीमारी के इलाज का खर्च तथा फ्री हेल्थ चेकअप सहित अन्य लाभकारी सुविधाएं शामिल है। उन्होने बताया कि योजना के तहत साल में सिर्फ एक बार प्रीमियम भुगतान किया जाना है। इसे कर्मचारियों को दीवाली गिफ्ट के रूप में भी दिया जा सकता है। योजना के तहत वर्कर के साथ-साथ मालिक को भी मानसिक शांति और सुरक्षा का भरोसा होता है।
डाक निरीक्षक श्री व्यास ने बताया कि दुर्घटना बीमा के साथ ही डाक घर में सुकन्या सुरक्षा अभियान के तहत सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाते खोले जाते है। इस अभियान में 250 रूपये प्रति माह से 10 वर्ष तक की बच्चियों के खाते खोले जाते हैं, जिन पर सबसे अधिक ब्याज 8.2 प्रतिशत वार्षिक मिलता है। यह योजना बच्चियों की शिक्षा और परिवार की आर्थिक मजबूती के लिए बेहद उपयोगी है। योजना संबंधी अधिक जानकारी के लिये अपने नजदीकी डाकघर या डाक निरीक्षक अमित कुमार व्यास, हरदा के मोबाइल नम्बर 8878964939 से सम्पर्क किया जा सकता है।



