पोस्टमार्टम के नाम पर वसूली करने वाले अनुबंधित दो सफाईकर्मी की सेवाएं समाप्त
विदिशा। विदिशा जिला चिकित्सालय में मृतक युवक के पोस्टमार्टम उपरांत बॉडी परिजनों को सौंपते समय पैसों की मांग प्राप्त शिकायत व अखबारों में प्रकाशित खबर को जिला प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान में लेते हुए मृतक के परिजनों की संवेदनाओं को ध्यानगत रखते हुए पैसों की मांग करने वाले दो सफाईकर्मी की सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई अनुबंधित कंपनी के द्वारा की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर अस्पताल में सफाई सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी कामथेन सिक्योरिटी सर्विसेज , इंदौर ने संबंधित कर्मचारी रवि और बबलू की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।
गौरतलब हो कि 13 जून 2026 को 24 वर्षीय कपिल कर्ण की मृत्यु के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए कर्मचारी द्वारा मृतक के पिता से पैसों की मांग की गई थी, उक्त मामले को त्वरित संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई करते हुए कामथेन सिक्योरिटी सर्विसेज इंदौर द्वारा कर्मचारी रवि और बबलू की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
कामथेन सिक्योरिटी सर्विसेज इंदौर की संस्था द्वारा बताया गया कि संस्था के द्वारा जिला चिकित्सालय, विदिशा में साफ-सफाई की सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं। कर्मचारी रवि एवं बबलू द्वारा जिला चिकित्सालय, विदिशा में पोस्टमार्टम के उपरांत मृतक की बॉडी परिजनों को सौंपते समय उनसे पैसों की मांग की गई। यह भी शिकायत प्राप्त हुई है कि पैसे न देने की स्थिति में बॉडी सुपुर्द न करने की बात कही गई। इस संबंध में परिजनों द्वारा मीडिया के समक्ष भी जानकारी दी गई। उक्त घटना से अस्पताल तथा कंपनी की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है, जो कि कर्मचारी के आचरण एवं कार्यदायित्वों के विपरीत है। अतः इस गंभीर कदाचार को दृष्टिगत रखते हुए दोनों कर्मचारियों की सेवाएँ तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई हैं।


